चीन में कोरोना वायरस के कारण 38 और लोगों की मौत हो जाने के साथ ही इस विषाणु की चपेट में आने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 170 हो गई है। वहीं चीन समेत दुनियाभर में इस रोग से पीड़ित कुल मरीजों की संख्या 6 हजार के पार पहुंच गई है। मृतकों और मरीजों की बढ़ती संख्या देख भारत समेत दुनियाभर के देश दहशत में आ गए हैं।
भारत समेत चार देशों ब्रिटेन, रूस, इंडोनेशिया और म्यांमार ने चीन की उड़ानों को रद्द कर दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे चीन की यात्रा करने से बचें। भारतीय विमानन कंपनी एयर इंडिया ने दिल्ली-शंघाई उड़ान को 31 जनवरी से 14 फरवरी तक के लिए रद्द कर दिया है।
इंडिगो एयरलाइन्स ने भी बुधवार को घोषणा कर दी कि एक फरवरी से 20 फरवरी तक बेंगलूरु-हांगकांग रूट की फ्लाइट और दिल्ली से चेंगदु की विमान सेवा रद्द रहेगी। इंडिगो ने बताया है कि कोलकाता और गुवांगझु की फ्लाइट सेवा जारी रहेगी और इसकी सख्ती से निगरानी की जा रही है। एयर इंडिया और इंडिगो ने कॉकपिट सदस्यों केदक्षिण पूर्व एशियाई देशों की यात्रा के दौरान एन-95 मास्क पहनने का निर्देश दिया है।