चीन के कोरोना वायरस से प्रभावित हुवेई प्रांत में फंसे पाकिस्तानी छात्रों को निकालने पर भारत विचार कर सकता है बशर्ते हालात ऐसे हों और संसाधन उपलब्ध हों। हालांकि, भारतीय विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान ने अभी तक इस आशय का अनुरोध नहीं किया है।हुवेई प्रांत के वुहान शहर में सैकड़ों पाकिस्तानी छात्र फंसे हुए हैं और उन्होंने पाकिस्तान की इमरान खान सरकार से कई बार उन्हें वहां से निकालने और भारत से सबक लेने का अनुरोध किया है।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार से जब पूछा गया कि क्या भारत पाकिस्तानी छात्रों को निकालने में मदद कर सकता है तो उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान सरकार से हमें ऐसा कोई अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ है। लेकिन अगर ऐसे हालात पैदा हुए तो उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखते हुए हम इस पर विचार कर सकते हैं।' हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस अनुरोध पर विचार करने की पूर्व शर्त क्या होगी। भारत ने शनिवार और रविवार को वुहान से 654 लोगों को एयरलिफ्ट किया था। इनमें 640 भारतीय और सात मालदीव के नागरिक हैं।